त्योहारों पर जयपुर स्टेशन में भीड़ प्रबंधन की तैयारी, जीएम ने परखी व्यवस्थाएं
सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश
जयपुर। त्योहारों के दौरान जयपुर रेलवे स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों की आवाजाही और रेल परिचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए। कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रवेश-निकास द्वारों, होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने और यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और यात्री सूचना प्रणाली पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित मुख्यालय और मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List