सरकार ने विभागों को दी बजट खर्च में अनुशासन की सख्त हिदायत, अंतिम तिमाही में अनावश्यक खर्च पर रोक
सरकारी संसाधनों का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग
जयपुर। वित्त विभाग ने सभी प्रशासनिक विभागों और बजट नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वित्तीय वर्ष के दौरान बजट प्रावधानों के अनुरूप ही व्यय किया जाए तथा पूरे वर्ष खर्च का प्रवाह संतुलित रखा जाए। जारी परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्टों में कई विभागों द्वारा बजट नियमों के पालन में कमी, अनावश्यक अनुपूरक अनुदान, अत्यधिक पुनर्विनियोजन तथा वर्ष की अंतिम तिमाही में अधिक खर्च जैसी अनियमितताओं की ओर ध्यान दिलाया गया है।
वित्त विभाग ने निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता के अनुसार ही अनुपूरक मांगें भेजी जाएं, स्वीकृत बजट का उपयोग वित्तीय वर्ष भर समान रूप से किया जाए और अनावश्यक बजट प्रावधान या पुनर्विनियोजन से बचा जाए। प्रत्येक तिमाही में व्यय की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अंतिम तिमाही में अत्यधिक खर्च की स्थिति न बने। साथ ही मार्च माह में बिना आवश्यकता निजी निक्षेप खातों में राशि हस्तांतरित नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने सभी अधिकारियों से बजट नियमावली के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि वित्तीय अनुशासन कायम रहे और सरकारी संसाधनों का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग हो सके।

Comment List