सरकार ने ड्राफ्ट बजट मैन्युअल पर मांगे सुझाव, 20 जुलाई तक भेज सकेंगे आमजन और विभाग
नया बजट मैन्युअल लागू करने की दिशा में कार्य
जयपुर। वित्त विभाग (आय-व्ययक अनुभाग) ने राज्य के नए ड्राफ्ट बजट मैन्युअल पर विभागों, लेखा सेवा अधिकारियों, विभिन्न स्टेकहोल्डर्स और आम नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में वित्त विभाग ने आदेश जारी किए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपने सुझाव 20 जुलाई 2026 तक [email protected] ई-मेल पर भेज सकते हैं। वित्त विभाग के अनुसार, राज्य सरकार वर्तमान में प्रचलित बजट मैन्युअल के स्थान पर नया बजट मैन्युअल लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए विभाग ने नया ड्राफ्ट बजट मैन्युअल तैयार किया है। यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा, जिसमें राज्य की बजट प्रक्रिया, बजट प्रबंधन तथा बजट के उपयोग से संबंधित नियमों को समाहित किया गया है।
विभाग का कहना है कि बदलते समय और बजट प्रक्रियाओं के बढ़ते डिजिटलीकरण को ध्यान में रखते हुए नए बजट मैन्युअल को तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के बजट निर्माण, उपयोग और संचालन को अधिक सरल, वित्तीय रूप से सशक्त, जवाबदेह तथा पारदर्शी बनाना है। ड्राफ्ट मैन्युअल में Pool Budgeting, Thematic Budget और e-Budget Process जैसी नई व्यवस्थाओं को भी शामिल किया गया है, जिससे बजट प्रणाली को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त होने वाले सभी सुझावों पर विचार किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को अंतिम बजट मैन्युअल तैयार करते समय शामिल किया जा सकता है।

Comment List