राजस्थान के तीन विश्वविद्यालयों में नए कुलगुरुओं की नियुक्ति, राज्यपाल ने जारी किए आदेश
नियुक्तियों का निर्णय राज्य सरकार के परामर्श से लिया
जयपुर। राजस्थान के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों को नए कुलगुरु मिल गए हैं। राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े ने गुरुवार देर रात राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर सहित तीन विश्वविद्यालयों में कुलगुरुओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए।
आदेश के अनुसार, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर में डॉ. भगवती प्रसाद सारस्वत को कुलगुरु नियुक्त किया गया है। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में डॉ. युद्धवीर सिंह और महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर में प्रो. नरसी राम विश्नोई को नया कुलगुरु बनाया गया है।
राज्यपाल सचिवालय के मुताबिक, इन नियुक्तियों का निर्णय राज्य सरकार के परामर्श से लिया गया है। लंबे समय से चल रही कुलगुरुओं की नियुक्ति प्रक्रिया के बाद अब तीनों विश्वविद्यालयों में इस पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार, नवनियुक्त कुलगुरुओं का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा। इनमें से जो अवधि पहले पूरी होगी, उसी के आधार पर कार्यकाल समाप्त माना जाएगा।
नए कुलगुरुओं के कार्यभार संभालने के बाद संबंधित विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई नियुक्तियों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

Comment List