शुक्र पुष्य नक्षत्र पर चांदपोल गणेश मंदिर में भव्य अभिषेक सम्पन्न, 101 किलो दूध एवं पंचामृत से पूर्ण हुआ आयोजन
पुष्य नक्षत्र: जयपुर में गजानन का भव्य पंचामृत अभिषेक
जयपुर के परकोटा गणेश मंदिर में शुक्र पुष्य नक्षत्र पर 101 किलो दूध और पंचामृत से भगवान गणेश का दिव्य अभिषेक किया गया। महंत अमित शर्मा के सानिध्य में गणपति को सिंदूर का चोला और नई पोशाक धारण कराई गई। भक्तों ने अथर्वशीर्ष का पाठ कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया और हल्दी-सुपारी का विशेष प्रसाद प्राप्त किया।
जयपुर। परकोटा गणेश मंदिर में शुक्रवार को शुभ शुक्र पुष्य नक्षत्र के अवसर पर विशेष अभिषेक का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर भगवान गणेश का 101 किलो दूध एवं पंचामृत से विधिवत अभिषेक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में हुई, जिसमें दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल और केसर जल से गणेश जी का स्नान कराया गया। अभिषेक के पश्चात गणेश जी को सिंदूर का चोला चढ़ाया गया और नई पोशाक धारण कराई गई। इसके बाद गणपति अथर्वशीर्ष एवं गणपति अष्टोत्तर नामावली के मंत्रोच्चार के साथ मोदक का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने सामूहिक रूप से गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ कर भगवान को दूर्वा अर्पित की। इस अवसर पर भक्तों को गणेश जी और लक्ष्मी स्वरूप हल्दी की गांठ एवं सुपारी प्रसाद के रूप में वितरित की गई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Comment List