ग्रीन को-ऑपरेटिव इनिशिएटिव को मिला बढ़ावा, सहकारी संस्थाओं में लगाए गए पौधे
जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जयपुर। सहकार सप्ताह कार्यक्रम के तहत शनिवार को प्रदेशभर की सहकारी संस्थाओं में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने चित्तौड़गढ़ स्थित प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक परिसर में पौधारोपण कर की। शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने बताया कि राज्य की प्रत्येक सहकारी संस्था द्वारा अपने परिसर अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कम से कम पांच-पांच पौधे लगाए गए हैं। लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग कराई जा रही है तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपी गई है।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्रीन को-ऑपरेटिव इनिशिएटिव को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों का संरक्षण जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस पहल से हरित ऊर्जा, टिकाऊ कृषि और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सौर ऊर्जा, जैविक एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग, बूंद-बूंद सिंचाई और अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जयपुर के झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित राइसेम परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में डॉ. समित शर्मा ने बेल तथा राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी ने जामुन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Comment List