हनुमान बेनीवाल का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- अहमदाबाद हादसे की आज तक नहीं आई जांच रिपोर्ट
देश की जनता भाजपा सरकार से प्रश्न कर रही
जयपुर। आरएलपी प्रमुख सांसद हनुमान बेनीवाल ने अहमदाबाद विमान हादसे की एक साल बाद भी रिपोर्ट नहीं आने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। बेनीवाल ने कहा है कि वर्ष 2025 में आज ही के दिन अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश हो जाने की वजह से दिवंगत हुए नागरिकों को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस हादसे के बाद विभिन्न समाचार पत्रों और टीवी चैनलों ने देश के कई हवाई अड्डों की सुरक्षा से जुड़ी कमियों को उजागर किया गया ,जिसके संदर्भ में मैंने हवाई अड्डों की सुरक्षा व इस विमान हादसे की जांच को लेकर लोक सभा में मुद्दा उठाया था। अहमदाबाद विमान हादसे को आज एक वर्ष हो गया लेकिन आज तक इस हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट जनता के सामने नहीं आई है।
जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया, उन्हें अब भी जवाब का इंतजार है। आज देश की जनता भाजपा सरकार से प्रश्न कर रही है कि हादसे में हुई मौतों पर सरकार संवेदनशीलता दिखाने की बात करती है, लेकिन सच सामने लाने में इतनी देरी क्यों ? क्या मृतकों के परिजनों को यह जानने का अधिकार नहीं कि आखिर हादसा किन कारणों से हुआ ? पारदर्शिता और जवाबदेही की बात करने वाली सरकार को बताना चाहिए कि हादसे के कारणों की सच्चाई आखिर जनता से कब तक छिपाई जाएगी ? केंद्र सरकार को कहना चाहता हूं कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हादसे की जिम्मेदारी तय होगी और जांच रिपोर्ट बिना किसी देरी के सार्वजनिक की जाएगी।

Comment List