गणेश चतुर्थी पर हाथीगांव में गजाननों का हुआ हेल्थ चेकअप, देशभर से आए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों ने जांची हाथियों की सेहत
18 सितम्बर तक चलेगा विशेष शिविर
जयपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर हाथीगांव में हाथियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विशेष चिकित्सा शिविर शुरू हुआ। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित अनुभवी वन्यजीव एवं पशु चिकित्सकों की टीम ने हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सा दल में डॉ. ईश्वरन ई.के., डॉ. मनोहरन, डॉ. अर्धरा क्षेत्री और डॉ. जितेन्द्र राजौरिया शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने हाथियों के सामान्य स्वास्थ्य, शारीरिक स्थिति, पोषण, त्वचा, पैरों और खुरों की जांच की। आवश्यकता के अनुसार उपचार, दवाएं और स्वास्थ्य प्रबंधन संबंधी सुझाव भी दिए गए। शिविर मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक अरुण प्रसाद के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक अनूप के.आर., वन संरक्षक संग्राम सिंह कटियार सहित वन विभाग के अधिकारी, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ अरविंद माथुर, हाथी मालिक बल्लू खान मौजूद रहे। यह विशेष चिकित्सा शिविर 14 से 18 सितम्बर तक चलेगा। इस दौरान हाथियों की नियमित निगरानी के साथ आवश्यक उपचार भी किया जाएगा।

Comment List