मानसून से पहले मलेरिया के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान तेज
जागरूकता गतिविधियों का संचालन
जयपुर। मानसून पूर्व मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जून माह को एंटी मलेरिया माह के रूप में मनाया जा रहा है। पूरे माह जिलेभर में मच्छरों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत सोर्स रिडक्शन, एंटीलार्वल एवं एंटी एडल्ट गतिविधियों के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि मानसून के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर एंटीलार्वा एवं जागरूकता गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
घर-घर सर्वे, जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण, लार्वा स्रोतों की पहचान एवं उनके निस्तारण की कार्रवाई नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर सोर्स रिडक्शन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की जांच कर मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वयस्क मच्छरों के नियंत्रण के लिए आवश्यक एंटी-एडल्ट उपाय भी किए जा रहे हैं।

Comment List