निगम का हीट एक्शन प्लान : आमजन को मिलेगी तपती गर्मी से राहत, महिला हाउसिंग ट्रस्ट और नगर निगम ने किया तैयार
सामुदायिक स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
गर्मी में आमजन को हीटवेव से राहत प्रदान करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए महिला हाउसिंग ट्रस्ट और नगर निगम ने एक्शन प्लान तैयार कर आमजन को राहत के प्रयास किए जाएंगे।
जयपुर। गर्मी में आमजन को हीटवेव से राहत प्रदान करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए महिला हाउसिंग ट्रस्ट और नगर निगम ने एक्शन प्लान तैयार कर आमजन को राहत के प्रयास किए जाएंगे। निगम की ओर से गुरुवार को जयपुर हीट एक्शन प्लान पर आयोजित कार्यशाला का स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने शुभारंभ करते हुए कहा कि जयपुर हीट एक्शन प्लान तपती गर्मी में आम आदमी को राहत देने के प्रयास है और एक यह अच्छी शुरूआत है जिसके परिणाम भी बेहतरीन होगे। हम सभी को गर्मियों को देखते हुए पशु पक्षियों के लिए परिण्डे लगाने चाहिए। जुईकर प्रतीक ने कहा कि जयपुर हीट एक्शन प्लान का उद्देश्य तपती गर्मी से संबंधित जोखिमों के प्रति तैयारी को मजबूत करना तथा आमजन को तपती गर्मी से राहत प्रदान करना है। निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि यह जयपुर हीट एक्शन प्लान नि:शुल्क रूप से बनाया गया है। इस प्लान का धरातल पर क्रियान्वन होना आवश्यक है। यह पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जयपुर में शुरू किया गया है। इस मौके पर जयपुर हीट एक्शन प्लान पर बनाई गई पुस्तिका का भी विमोचन किया।
पूर्व में प्लान चूरू और जोधपुर में हुआ लागू :
यह पूर्व में चूरू एवं जोधपुर में लागू हो चुका है। इस योजना में मानव स्वास्थ्य पर गर्मी के प्रभावों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जैसे कि हीट स्ट्रोक, थकावट, हृदय संबंधी तनाव जैसी गर्मी से संबंधित बीमारियां। इसके साथ ही अत्यधिक गर्मी के प्रभावों को कम करने के लिए कई सार्वजनिक पहलों को शामिल किया गया है। इनमें रंग कोड आधारित चेतावनी प्रणाली, अस्पतालों की तैयारी जैसे ओआरएस का भंडारण और हीट हेल्थ सुविधाएं, चरणबद्ध प्रतिक्रिया तंत्र तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान शामिल हैं।
सामुदायिक स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम :
इसके अतिरिक्त, योजना में बुजुर्गों, बच्चों, बाहरी श्रमिकों तथा झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों जैसे संवेदनशील वर्गों तक विशेष पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता और सहयोग कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है। यह पहल राजस्थान के स्टेट एक्शन प्लान ऑन क्लाइमेट चेंज के साथ भी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेगी।

Comment List