जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा : ट्रेलर से टकराया श्रद्धालुओं से भरा ट्रैवलर, 3 लोगों की मौत
खाटूश्याम के दर्शन कर सांवलिया सेठ जा रहा था परिवार
जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू में जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
खाटूश्याम के दर्शन कर सांवलिया सेठ जा रहा था परिवार
बगरू थानाप्रभारी चंद्रभान के अनुसार, हादसा शुक्रवार देर रात करीब 1:50 बजे बगरू पुलिया से उतरते समय हुआ। ट्रैवलर में महाराष्ट्र के नासिक निवासी एक ही परिवार के 28 श्रद्धालु सवार थे। सभी खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलिया सेठ मंदिर जा रहे थे। पुलिया से उतरते समय ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर में आगे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
ड्राइवर पर शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप
हादसे में घायल यात्री प्रवीण ने आरोप लगाया कि ट्रैवलर चालक ने शराब पी रखी थी। प्रवीण के मुताबिक, वे रात करीब 10:30 बजे जयपुर से रवाना हुए थे। यात्रियों ने चालक को रात में वाहन चलाने से मना भी किया था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। घायलों ने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को SMS अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Comment List