जयपुर के सरकारी विश्राम गृहों की दरों में भारी बढ़ोतरी, 300 रुपए से बढ़कर हजारों में पहुंचा किराया
अब उन्हीं कमरों के लिए हजारों रुपए तक भुगतान करना होगा
सरकारी विश्राम गृहों की दरों में भारी वृद्धि की गई। सूइट की दर 4000-4800 रुपए, एसी कमरे की 3000-3600 रुपए तय। नॉन एसी कमरे की श्रेणी समाप्त, अतिरिक्त बेड 300 रुपए। नई दरें 1 मार्च से लागू हैं। इससे सरकारी ठहरने की सुविधाएं पहले की तुलना में काफी महंगी हो गई।
जयपुर। राजधानी जयपुर के राजकीय विश्राम गृहों में ठहरने की दरों में सरकार ने बड़ा बदलाव करते हुए भारी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद पहले जहां कई श्रेणियों में कमरे मात्र 300 रुपए में उपलब्ध थे, वहीं अब उन्हीं कमरों के लिए हजारों रुपए तक भुगतान करना होगा।
नई व्यवस्था के तहत पहले जयपुर के सरकारी विश्राम भवनों में सूइट के लिए अलग-अलग समयावधि के बजाय एक ही दर 300 रुपए निर्धारित थी। अब इसे दो अलग-अलग अवधि में विभाजित कर दिया गया है। 1 मार्च से 31 अक्टूबर तक सूइट की दर 4000 रुपये तय की गई है, जो पहले की तुलना में 3700 रुपए अधिक है। वहीं 1 नवंबर से 28 या 29 फरवरी तक इसी सूइट के लिए 4800 रुपए देने होंगे, यानी इस अवधि में 4500 रुपए की वृद्धि हुई है।
इसी प्रकार एसी कमरों की दरों में भी बड़ा इजाफा किया गया है। 1 मार्च से 31 अक्टूबर तक एसी कमरे के लिए अब 3000 रुपए देने होंगे, जबकि पहले यह कमरा 300 रुपए में उपलब्ध था। इस श्रेणी में 2700 रुपए की वृद्धि हुई है। वहीं 1 नवंबर से फरवरी के अंत तक एसी कमरे की दर 3600 रुपए तय की गई है, जो पहले के मुकाबले 3300 रुपए अधिक है।
नई दरों में एक और बड़ा बदलाव यह किया गया है कि जयपुर के राजकीय विश्राम गृहों में अब नॉन एसी कमरों की श्रेणी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा 1 मार्च से 31 अक्टूबर तक अतिरिक्त बेड के लिए 300 रुपए अलग से देने होंगे।
सरकारी विश्राम गृहों की दरों में इस बड़े बदलाव को लेकर विभिन्न वर्गों में चर्चा शुरू हो गई है, क्योंकि अब सरकारी आवासीय सुविधाओं का उपयोग पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है।

Comment List