फिल्म 'बेबी डू डाई डू्' का प्रमोशन इवेंट : हुमा कुरैशी का खुलासा- बेबी सिर्फ हत्यारी नहीं, अपनी शर्तों पर जीने वाली एक इंसान है
जयपुर में मीडिया से की दिल खोलकर बात
जयपुर। अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी आगामी फिल्म "बेबी डू डाई डू" से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस फिल्म से उनका जुड़ाव सिर्फ अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि निर्माता के रूप में भी रहा। हुमा ने कहा- एक निर्माता के तौर पर मैं हमेशा यह सोचती थी कि क्या यह फिल्म कुछ नया कह रही है और एक अभिनेत्री के तौर पर यह देखती थी कि क्या बेबी की कहानी सच्ची लगती है।
सौभाग्य से दोनों सवालों का जवाब एक ही था। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान उनके भीतर की निर्माता और अभिनेत्री लगातार संवाद करती रहीं और जब भी कोई एक संतुष्ट नहीं होती, वे दृश्य दोबारा शूट करने से नहीं हिचकते थे।
हुमा के अनुसार, बेबी करमारकर का चरित्र भारतीय दर्शकों ने पहले कभी पर्दे पर नहीं देखा- एक निडर, अप्रत्याशित और नजरअंदाज न किए जा सकने वाली देसी हिटवुमन। उन्होंने कहा कि फिल्म सिर्फ क्राइम थ्रिलर नहीं, बल्कि एक्शन, सस्पेंस और डार्क ह्यूमर का मिश्रण है। हुमा ने निर्देशक नचिकेत सामंत की बारीक कारीगरी और भाई साकिब सलीम के साथ काम करने के अनुभव को यादगार बताया। उन्होंने कहा- बेबी केवल एक हत्यारी नहीं है, वह अपनी शर्तों पर जीने वाला किरदार है। उसकी दुनिया खतरों से भरी है, पर वह डरकर पीछे नहीं हटती। मुझे विश्वास है दर्शक उससे जुड़ाव महसूस करेंगे। फिल्म 3 जुलाई 2026 को रिलीज होगी।

Comment List