फ्यूल संकट का असर : जयपुर-उदयपुर फ्लाइट अब सप्ताह में सिर्फ 3 दिन चलेगी, यात्री परेशान
फ्लाइट जयपुर से प्रतिदिन सुबह 10:25 बजे उदयपुर के लिए रवाना होती थी
जयपुर। देशभर में जारी फ्यूल संकट का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में इंडिगो एयरलाइन ने जयपुर से उदयपुर के बीच संचालित होने वाली अपनी नियमित फ्लाइट के संचालन दिवस में कटौती कर दी है। अब तक यह फ्लाइट सप्ताह के सातों दिन संचालित होती थी, लेकिन नए शेड्यूल के अनुसार अब यह केवल सप्ताह में तीन दिन- मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को ही उड़ान भरेगी।
यह फ्लाइट जयपुर से प्रतिदिन सुबह 10:25 बजे उदयपुर के लिए रवाना होती थी और व्यवसायिक यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी सुविधाजनक मानी जाती है। संचालन में कटौती से नियमित यात्रियों को अब अपनी यात्रा की योजना नए शेड्यूल के अनुसार बनानी होगी।
जानकारी के अनुसार, विमान ईंधन की उपलब्धता और फ्यूल संकट के चलते एयरलाइंस अपने परिचालन में बदलाव कर रही हैं। इसी वजह से विभिन्न रूटों पर उड़ानों की संख्या घटाई जा रही है। माना जा रहा है कि यदि फ्यूल संकट लंबे समय तक बना रहा तो अन्य सेक्टरों पर भी उड़ानों के संचालन में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Comment List