ईरान-इजरायल युद्ध का असर : जयपुर से 3 फ्लाइट्स रद्द, यात्रियों को काफी परेशानी
दुबई के लिए सुबह 8:45 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट भी रद्द
मध्य-पूर्व संघर्ष का असर अब हवाई उड़ानों पर दिखने लगा है। सुरक्षा कारणों से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अबूधाबी, दुबई और शारजाह के लिए तीन अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द। यात्रियों को एयरपोर्ट पर परेशानी। एयरलाइंस ने नई फ्लाइट या रिफंड जानकारी के लिए वेबसाइट और हेल्पलाइन संपर्क करने की सलाह।
जयपुर। मध्य-पूर्व में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध का असर अब हवाई उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस में बनी अनिश्चित स्थिति के चलते शनिवार को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए संचालित तीन अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एतिहाद एयरवेज की जयपुर से अबूधाबी जाने वाली फ्लाइट रद्द रही। यह फ्लाइट जयपुर से रात 3:15 बजे रवाना होती है। इसी तरह एयर अरबिया की अलसुबह 4:10 बजे जयपुर से शारजाह के लिए जाने वाली फ्लाइट भी संचालित नहीं हो सकी। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर से दुबई के लिए सुबह 8:45 बजे रवाना होने वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई।
फ्लाइट्स रद्द होने से कई यात्री एयरपोर्ट पर परेशान नजर आए। कुछ यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ी, जबकि कई लोग एयरलाइंस से नई फ्लाइट या रिफंड की जानकारी लेने में जुटे रहे। एयरलाइंस ने यात्रियों को अपडेट के लिए अपनी वेबसाइट और हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है।

Comment List