नाहरगढ़ जैविक उद्यान में मादा बाघिन ने दिया 2 शावकों को जन्म, चिकित्सकों की निगरानी में शावक
स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही
बाघिन ‘भक्ति’ ने दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। दूध न पिलाने पर दोनों को अलग कर नियोनेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया। विशेष टीम 24 घंटे देखभाल में जुटी है, शावक सुरक्षित हैं।
जयपुर। नाहरगढ़ जैविक उद्यानर में मादा बाघिन ‘भक्ति’ ने 18 अप्रैल की रात्रि 2:26 बजे एवं 2:50 बजे दो स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। उप वन संरक्षक वन्यजीव चिडियाघर जयपुर विजय पाल सिंह ने बताया कि जन्म के काफी समय बाद तक मादा बाघिन द्वारा शावकों को दूध न पिलाने के कारण, उपनिदेशक, बहुउद्देशीय चिकित्सालय द्वारा गठित पशु चिकित्सकीय बोर्ड के निर्णयानुसार दोनों शावकों को माँ से अलग किया गया।
दोनों शावकों को तत्काल नाहरगढ़ जैविक उद्यान के पशु चिकित्सालय में संचालित नियो नेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया। डॉ. अरविन्द कुमार माथुर द्वारा शावकों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है। साथ ही नाहरगढ़ जैविक उद्यान प्रशासन द्वारा 3 कार्मिकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, जो शावकों की निरंतर देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे। दोनों शावक फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Comment List