देहरादून की जगह जयपुर पहुंची इंडिगो फ्लाइट, खराब मौसम के चलते करना पड़ा डायवर्जन
एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आवश्यक जानकारी
जयपुर। कोलकाता से देहरादून जा रही इंडिगो की एक उड़ान बुधवार को खराब मौसम के कारण अपने निर्धारित गंतव्य पर उतर नहीं सकी और उसे डायवर्ट कर जयपुर लाया गया। देहरादून में प्रतिकूल मौसम और कम दृश्यता के चलते विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से पायलट ने विमान को जयपुर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। विमान के जयपुर पहुंचने के बाद सभी यात्री विमान के अंदर ही मौजूद हैं। एयरलाइन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) की ओर से देहरादून के मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जैसे ही मौसम में सुधार होगा और देहरादून एटीसी से उड़ान की अनुमति मिलेगी, विमान को वापस देहरादून के लिए रवाना किया जाएगा। अचानक हुए इस डायवर्जन से यात्रियों को कुछ देर की असुविधा का सामना करना पड़ा, हालांकि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है। मौसम सामान्य होने के बाद उड़ान अपने निर्धारित गंतव्य देहरादून के लिए रवाना होगी।

Comment List