स्टार्टअप इंडिया के 10 वर्ष पूरे, जयपुर में नवाचार और उद्यमिता को मिला नया संबल
ONDC और डिजिटल कॉमर्स पर भी हुआ विशेष मंथन
जयपुर। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप इंडिया ने राजस्थान में नवाचार और उद्यमिता को नई गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जयपुर स्थित भामाशाह टेक्नो हब में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में DPIIT के अतिरिक्त सचिव अतिश कुमार सिंह ने भाग लिया और राजस्थान के स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ संवाद किया। उन्होंने राज्य में उभरते अवसरों, चुनौतियों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर आयोजित विशेष सत्र में “Celebrating 12 Years of the Government and 10 Years of the Startup India Initiative” विषय पर संबोधन देते हुए अतिश कुमार सिंह ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया ने पिछले एक दशक में देश के नवाचार तंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय, नवाचार आधारित विकास तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब प्रयास केवल जयपुर जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि दूरस्थ जिलों और उन समुदायों तक भी पहुंचने चाहिए जो अभी इस पारिस्थितिकी तंत्र का पूर्ण हिस्सा नहीं बन पाए हैं। उन्होंने TEJAS जैसी पहलों को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
ONDC और डिजिटल कॉमर्स पर विशेष सत्र : कार्यक्रम के दौरान ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) पर भी एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें बताया गया कि स्टार्टअप, MSME और छोटे व्यवसाय ONDC के ओपन नेटवर्क का उपयोग कर नए ग्राहकों, बाजारों और व्यावसायिक अवसरों तक पहुंच बना सकते हैं।सत्र में महिला उद्यमियों, किसानों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों (SHG) तथा किराना स्टोर संचालकों को डिजिटल व्यापार से जुड़ने के अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटुकान (DigiDukaan) और डिजिव्यापार (DigiVyapar) जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिजिटल खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने की पहल पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि डिजिटुकान पहले ही हैदराबाद में 10 हजार से अधिक रिटेलर्स और 35 से अधिक ब्रांड्स को जोड़ चुका है तथा अब इसका विस्तार जयपुर में भी किया जा रहा है। ONDC के एमडी एवं सीईओ विभोर जैन ने कहा कि ONDC का उद्देश्य डिजिटल कॉमर्स में मौजूद उन बाधाओं को दूर करना है जिन्हें बाजार स्वयं हल नहीं कर सकता। साझा डिजिटल अवसंरचना के माध्यम से यह सभी आकार के व्यवसायों के लिए ई-कॉमर्स को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाता है।
ज्ञान-साझाकरण और सहयोग का प्रभावी मंच बना कार्यक्रम : कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापक, इनक्यूबेटर, उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि तथा सरकारी विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संवाद, ज्ञान-साझाकरण और सहयोग पर केंद्रित यह आयोजन राज्य के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार की पहलें न केवल उद्यमिता को बढ़ावा देंगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। राजस्थान में नवाचार आधारित विकास, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक प्रगति के लिए यह कार्यक्रम एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Comment List