स्वच्छता गतिविधियों का सघन निरीक्षण अभियान : निरीक्षण के दौरान कमियों में होगा 3 दिवस में सुधार, मदन दिलावर ने मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
खामियां मिलने पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत की जा रही स्वच्छता गतिविधियों का सघन निरीक्षण अभियान। अभियान में स्वच्छता गतिविधियों की व्यवस्था का निरीक्षण एवं समीक्षा तथा स्वच्छता कार्यों के लिए आवंटित राशि का स्वच्छता कार्यों में ही उपयोग किए जाने का निरीक्षण।
जयपुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत की जा रही स्वच्छता गतिविधियों का सघन निरीक्षण अभियान बुधवार को चलाया गया। अभियान में स्वच्छता गतिविधियों की व्यवस्था का निरीक्षण एवं समीक्षा तथा स्वच्छता कार्यों के लिए आवंटित राशि का स्वच्छता कार्यों में ही उपयोग किए जाने का निरीक्षण होगा। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में तीन दिवस में सुधार कराया जाना होगा। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर लगातार ग्राम पंचायत का निरीक्षण कर स्वच्छता अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग कर रहे हैं, तो वही खामियां मिलने पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी कर रहे हैं। इसी क्रम में दिलावर के निर्देश पर निदेशालय स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) ने संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए एक अप्रैल को प्रदेश के सभी ग्राम पंचायत में स्वच्छता गतिविधियों का सघन निरीक्षण कर पालना रिपोर्ट निदेशालय को भिजवाने के निर्देश दिए है।
निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा जिला स्तर से जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत का आवश्यक रूप से निरिक्षण के लिए निरिक्षण अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। निरीक्षण में जिला, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सम्मिलित किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय निरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यतः स्वच्छता गतिविधियों यथा घर-घर कचरा संग्रहण, नाली सफाई, सड़क सफाई,सार्वजनिक शौचालय की सफाई आदि की व्यवस्था का निरीक्षण एवं समीक्षा कर पाई गई कमियों को चिन्हित करना तथा तदनुसार आवश्यक सुधार कर धरातल पर स्वच्छता कार्यों की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

Comment List