राजस्थान औद्योगिक पार्क प्रोत्साहन नीति के मॉडल-ए में निवेशकों ने दिखाई रूचि, 23 आवेदन हुए प्राप्त
निजी औद्योगिक पार्कों के विकास को मिलेगी गति
जयपुर। राजस्थान में विश्वस्तरीय औद्योगिक विकास को गति देने एवं निवेशकों के लिए अनुकूल औद्योगिक वातावरण तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार की राजस्थान औद्योगिक पार्क प्रोत्साहन नीति-2026 महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। नीति के अंतर्गत मॉडल-ए में औद्योगिक पार्क विकसित करने हेतु निवेशकों का खासा रूझान देखने को मिला है। रीको ने निजी औद्योगिक पार्कों के विकास के लिए मॉडल-ए के लिये निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किये थे।
मॉडल-ए के अंतर्गत रीको को 4 औद्योगिक क्षेत्रों हेतु 23 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो राजस्थान औद्योगिक पार्क प्रोत्साहन नीति-2026 के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। प्राप्त आवेदनों में दौसा के राजाहेड़ा, गुडा अशीकपुरा एवं नुरपुर के लिए 10, पचपदरा, बालोतरा के वेदरलाई के लिये 7, धौलपुर के बिजौली के लिए 4 तथा बूंदी के मायेजा के लिए 2 आवेदन शामिल हैं। कैटेगरी-ए के अंतर्गत रीको द्वारा चिन्हित स्थानों पर भूमि आवंटन के बाद निजी विकासकर्ता द्वारा औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद नीति के प्रावधानों के अनुसार भूमि का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया से ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। औद्योगिक पार्कों में सड़क, जलापूर्ति, विद्युत, ड्रेनेज, वर्षा जल संचयन, स्ट्रीट लाइटिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास निजी विकासकर्ता की जिम्मेदारी होगी।

Comment List