जयपुर बुकमार्क 2027 में गुजराती साहित्य पर रहेगा विशेष फोकस, भारत-यूके पब्लिशिंग फेलोशिप की निरंतरता के साथ प्रकाशन
अनुवाद और एआई पर होगी चर्चा
जयपुर। दक्षिण एशिया का प्रमुख बी2बी प्रकाशन मंच जयपुर बुकमार्क अपने 14वें संस्करण के साथ 14 से 18 जनवरी 2027 तक होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित होगा। यह आयोजन जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के साथ होगा। इसमें भारत और दुनिया भर के प्रकाशक, संपादक, साहित्यिक एजेंट, लेखक, अनुवादक, पुस्तक विक्रेता, चित्रकार, डिजाइनर और प्रकाशन पेशेवर शामिल होंगे। 2027 संस्करण में गुजराती साहित्य पर विशेष फोकस रहेगा। इसके साथ अनुवाद, कहानी कहने के नए स्वरूप, प्रकाशन में नवाचार तथा प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा होगी।
आयोजन की प्रमुख पहल भारत-यूके पब्लिशिंग फेलोशिप की निरंतरता होगी, जो ब्रिटिश काउंसिल के साथ संयुक्त पहल है। जयपुर बुकमार्क की निदेशक मनीषा चौधरी ने कहा कि फेलोशिप दोनों देशों के प्रकाशन पेशेवरों के बीच संवाद और नेटवर्किंग का अवसर देती है। जेएलएफ की सह-संस्थापक एवं सह-निदेशक और जयपुर बुकमार्क की निदेशक नमिता गोखले ने कहा कि यह मंच विभिन्न भाषाओं और विचारों को एक साथ लाता है। टीमवर्क आर्ट्स के एमडी संजॉय के. रॉय ने इसे किताबों, विचारों और कारोबार को सीमाओं के पार ले जाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

Comment List