जयपुर डेयरी का नया प्लांट होगा स्थापित : भूमि आवंटन के लिए ऑफर लेटर जारी, पॉलीफिल्म उत्पादन और बटर स्टोरेज की सुविधाएं होगी विकसित
डेयरी के उत्पादों के वितरण में वृद्धि होगी
डेयरी बिचून औद्योगिक क्षेत्र में 540 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक प्लांट लगाएगी। 15 हेक्टेयर में बनने वाले इस यूनिट में दूध प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बटर स्टोरेज की सुविधाएं होंगी। 2029 तक शुरू होने वाली परियोजना से करीब 1000 रोजगार मिलेंगे। बिचून, 131 हेक्टेयर में विकसित औद्योगिक हब, निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
जयपुर। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) द्वारा रीको के बिचून औद्योगिक क्षेत्र में नया प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में रीको द्वारा जयपुर डेयरी को लगभग 15 हेक्टेयर भूमि के आवंटन के लिए ऑफर लेटर जारी किया गया है। प्रस्तावित प्लांट में दूध प्रोसेसिंग, पैकेजिंग के लिए पॉलीफिल्म उत्पादन तथा बटर स्टोरेज की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे जयपुर व आसपास के क्षेत्रों में जयपुर डेयरी के उत्पादों के वितरण में वृद्धि होगी। यह परियोजना राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट के तहत राज्य सरकार के साथ किए गए एमओयू का परिणाम है। जयपुर डेयरी की इस परियोजना की लागत लगभग 540 करोड़ रूपये है। वर्ष 2029 तक यह परियोजना उत्पादन में आयेगी और इस प्लांट की स्थापना से लगभग 1000 युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होगा। जयपुर शहर के निकट स्थित होने के कारण बिचून निवेशकों का मनपसंद औद्योगिक क्षेत्र बनता जा रहा है।
इस क्षेत्र में लगभग 131 हेक्टेयर भूमि पर 44 औद्योगिक भूखण्ड विकसित किए गए हैं। रीको की प्रत्यक्ष आवंटन योजना के विभिन्न चरणों में यहां निरंतर भूखण्डों का आवंटन किया जा रहा है। प्रत्यक्ष आवंटन योजना के हाल ही आयोजित हुए नौवें चरण में 4 भूखण्डों को आवंटन हेतु रखा गया जिसमें से 2 भूखण्डों के आवंटन की प्रक्रिया जारी है। इन दो भूखण्डों का क्षेत्रफल लगभग 33 हेक्टेयर है। दोनों कंपनियों को ऑफर लेटर जारी किये जा रहे हैं।

Comment List