जयपुर-दुबई उड़ान अब अनुबंधित विदेशी विमान के भरोसे, स्पाइसजेट ने बदला एयरक्राफ्ट
परिचालन संबंधी जरूरतों को देखते हुए व्यवस्था लागू
जयपुर। जयपुर से दुबई के बीच हाल ही में शुरू हुई स्पाइसजेट की सीधी उड़ान अब विदेशी अनुबंधित विमान के जरिए संचालित की जा रही है। एयरलाइन ने सेवा शुरू होने के शुरुआती तीन दिनों तक अपने विमान से इस रूट पर संचालन किया, लेकिन इसके बाद विमान बदल दिया गया। अब यह उड़ान कंबोडिया की स्काई अंकोर एयरलाइंस के अनुबंधित विमान से संचालित हो रही है। एयरलाइन ने परिचालन संबंधी जरूरतों को देखते हुए इस व्यवस्था को लागू किया है। वर्तमान समय-सारिणी के अनुसार दुबई से उड़ान शाम 4:55 बजे जयपुर पहुंचती है, जबकि जयपुर से यह विमान शाम 5:55 बजे दुबई के लिए रवाना होता है।
विमान बदलने के बावजूद उड़ान के निर्धारित समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सेवा पहले की तरह नियमित रूप से जारी है। एविएशन क्षेत्र में एयरलाइंस परिचालन, विमान उपलब्धता या तकनीकी कारणों से कई बार दूसरी एयरलाइंस के विमानों को अनुबंध पर लेकर सेवाएं संचालित करती हैं। इसी व्यवस्था के तहत स्पाइसजेट भी फिलहाल जयपुर-दुबई रूट पर स्काई अंकोर एयरलाइंस के विमान का उपयोग कर रही है। यात्रियों की सुविधा और उड़ानों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है।

Comment List