रंगों के उत्सव के लिए तैयार जयपुर : होली-धुलंडी पर होटल्स ने बनाए खास टूरिस्ट पैकेज, पर्यटकों को मिलेगा राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और स्वाद का अनूठा अनुभव
पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई
होली और धुलंडी को लेकर पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई। होटलों-रिसॉर्ट्स ने 3 से 6 हजार रुपए तक के विशेष होली पैकेज तैयार किए, जिनमें होलिका दहन, लोकसंगीत, प्राकृतिक गुलाल से रंगोत्सव और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद शामिल।
जयपुर। रंगों के महापर्व होली और धुलंडी को लेकर गुलाबी नगरी में पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शहर के कई होटल्स और रिसॉर्ट्स ने विशेष होली फेस्टिव पैकेज तैयार किए हैं। इन पैकेजों का उद्देश्य पर्यटकों को केवल उत्सव दिखाना ही नहीं, बल्कि उन्हें राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक लोक जीवन से करीब से रूबरू कराना है।
पर्यटन विशेषज्ञ संजय कौशिक के अनुसार होली स्पेशल पैकेज 3 से 6 हजार रुपए प्रति पर्यटक से की गई है। इन पैकेजों के तहत पर्यटकों को पारंपरिक होलिका दहन समारोह में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जहां लोक संगीत, पारंपरिक रीति-रिवाज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से त्योहार की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता से अवगत कराया जाएगा।
धुलंडी के दिन पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं पारंपरिक रंगोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्राकृतिक गुलाल, लोकनृत्य, ढोल-नगाड़ों की धुन और राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। साथ ही मेहमानों को गुजिया, ठंडाई और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा।
पर्यटन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे सांस्कृतिक पैकेज विदेशी और घरेलू पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राजस्थान की लोक परंपराओं और उत्सव संस्कृति को वैश्विक पहचान भी मिल रही है।

Comment List