कुल्लू-मनाली से मुंबई तक गूंजेगी जयपुर की 'चोटी', लघु फिल्म का दो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में चयन
15-16 अक्टूबर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शन
जयपुर। जयपुर की ताम्हणकर थियेटर अकादमी और कॉम्पेटेंस प्रोडक्शन की लघु फिल्म 'एक सख़्त गुंथी हुई चोटी' का चयन दो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में हुआ है। फिल्म 4 से 6 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश में होने वाले कुल्लू मनाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखाई जाएगी। इसके बाद 15-16 अक्टूबर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इसका प्रदर्शन होगा।
फिल्म का चयन लघु फिल्म श्रेणी में हुआ है और इसकी अवधि 7 मिनट है। यह फिल्म राजस्थान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आरआईएफएफ) 2020 में अभिनेता यशपाल शर्मा के हाथों पुरस्कृत हो चुकी है। संस्था की निदेशक और रंगकर्मी अरशिया परवीन ने बताया कि फिल्म में जयपुर की राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाट्य संस्था ताम्हणकर थियेटर अकादमी के कलाकारों ने अभिनय किया है। वरिष्ठ रंगकर्मी हेमचंद्र (राजू) ताम्हणकर का विशेष सहयोग रहा। फिल्म का लेखन डॉ. अनीता हांडा सांगवान ने किया है। निर्देशन अर्जुन सांगवान और छायांकन जॉन आबनेर एंड्रयू का है। मुख्य भूमिकाओं में अरशिया परवीन, मोहित चंदावत, सौम्या होलानी, श्वेता शर्मा क्रिस्टी, मुबाशिरा, आयुष गुप्ता, सद्दाम खान और सुनील यादव हैं।

Comment List