जयपुर की इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड ने हासिल किया बड़ा माइलस्टोन, बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध हुआ INA Solar का शेयर
एल्युमिनियम फ्रेम निर्माण की सुविधा विकसित कर रही
सोलर पैनल निर्माता INA Solar के 22,03,94,625 इक्विटी शेयर 9 मार्च को BSE Limited और National Stock Exchange of India के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध। जयपुर में आयोजित समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और पूर्व सांसद रामचरण बोहरा सहित कई उद्योग प्रतिनिधि मौजूद।
जयपुर। सोलर पैनल मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड (INA Solar) ने 9 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने 1 रुपए अंकित मूल्य के 22,03,94,625 इक्विटी शेयरों को बीएसई लिमिटेड और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के मेनबोर्ड पर सफलतापूर्वक सूचीबद्ध कर लिया।
कंपनी इससे पहले बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध थी और अब उसे बीएसई मेनबोर्ड पर माइग्रेशन तथा एनएसई के कैपिटल मार्केट सेगमेंट (मेनबोर्ड) पर सीधी लिस्टिंग की अंतिम मंजूरी प्राप्त हुई थी। सोमवार से कंपनी के शेयर दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर कारोबार के लिए उपलब्ध हो गए हैं।
इस ऐतिहासिक अवसर पर जयपुर में आयोजित समारोह में राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि, जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा विशिष्ट अतिथि तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के चीफ मैनेजर जसवंत जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कंपनी के चेयरमैन मनीष गुप्ता ने कहा- बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर हमारी यह लिस्टिंग कंपनी की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह उपलब्धि हमारे निवेशकों के विश्वास, हमारी टीम की मेहनत और मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है। हमें विश्वास है कि यह कदम कंपनी की विश्वसनीयता और विकास को नई दिशा देगा।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास जैन ने कहा- एसएमई प्लेटफॉर्म से मेनबोर्ड तक का यह सफर केवल एक उपलब्धि नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। कंपनी लगातार तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता विस्तार और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के माध्यम से सौर ऊर्जा क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा- राजस्थान देश में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी बन रहा है और यहां सोलर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अनुकूल औद्योगिक वातावरण विकसित किया जा रहा है। इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड जैसी कंपनियां राजस्थान को सोलर मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कंपनी का बीएसई और एनएसई के मेनबोर्ड पर सूचीबद्ध होना राज्य के औद्योगिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा- जयपुर की एक कंपनी का राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह आगे बढ़ना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इंसोलेशन एनर्जी लिमिटेड ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है और आने वाले समय में देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. श्याम अग्रवाल (प्रदेश कोषाध्यक्ष, भाजपा), अमित गोयल (जयपुर जिला अध्यक्ष, भाजपा) तथा राजेश गुर्जर (जयपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष, भाजपा) भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही CII, FICCI, FORTI, EAR और राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जयपुर में कंपनी की तीन हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स TOPCon G12 और M10R तकनीक के साथ वर्तमान में 5.5 गीगावाट क्षमता के सोलर मॉड्यूल का निर्माण कर रही हैं। अपनी विस्तार योजनाओं के तहत कंपनी मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 4.5 गीगावाट सोलर सेल तथा 18,000 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता के एल्युमिनियम फ्रेम निर्माण की सुविधा विकसित कर रही है।
INA Solar के उत्पाद ISO, UL, IEC, ALMM, CE तथा BIS प्रमाणित हैं। कंपनी प्रधानमंत्री सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना एवं जल जीवन मिशन जैसी राष्ट्रीय योजनाओं को सफल बनाने में सतत योगदान दे रही है।

Comment List