पर्यटन सीजन में गुलजार हुए जयपुर के स्मारक, जंतर-मंतर में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ इंटरप्रिटेशन सेंटर के बाहर 8 मिनट की फिल्म देखने के लिए लगी कतारें
गुजरात, मध्यप्रदेश, यूपी और हरियाणा से बड़ी संख्या में जयपुर पहुंच रहे सैलानी
जयपुर। पर्यटन सीजन के जोर पकड़ने के साथ ही गुलाबी नगरी जयपुर के ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की रौनक बढ़ने लगी है। गुरुवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देशी-विदेशी सैलानियों की अच्छी मौजूदगी देखने को मिली। खासकर विश्व धरोहर जंतर-मंतर स्मारक में सुबह से ही पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। स्मारक के हर हिस्से में पर्यटक परिवार सहित भ्रमण करते और यहां की ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक विरासत को करीब से निहारते नजर आए। जंतर-मंतर में पर्यटकों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्मारक स्थित इंटरप्रिटेशन सेंटर के बाहर पर्यटकों की कतारें लगी रहीं।
यहां दिखाई जाने वाली करीब 8 मिनट की विशेष फिल्म देखने के लिए सैलानियों में खासा उत्साह नजर आया। इस फिल्म के माध्यम से पर्यटकों को जंतर-मंतर के निर्माण, इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और यहां स्थापित खगोलीय यंत्रों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी जाती है। फिल्म देखने के बाद पर्यटक स्मारक के विभिन्न यंत्रों और संरचनाओं को और अधिक रुचि के साथ समझते दिखाई दिए। पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार इस बार पर्यटन सीजन में गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से पर्यटक जयपुर का रुख कर रहे हैं। ऐतिहासिक धरोहरों, राजसी स्थापत्य कला, किलों और महलों के प्रति सैलानियों का आकर्षण बना हुआ है।

Comment List