अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जंतर-मंतर बनेगा वैश्विक योग मंच, एनआईए जयपुर का 100 दिवसीय अभियान तेज
सामाजिक संतुलन का वैज्ञानिक माध्यम
जयपुर। आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग के तहत 100 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान में 30 से अधिक योग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्वस्थ भारत का संदेश दिया है। शुक्रवार को एनआईए ने ज़ुम्बा एवं योग रैली निकालकर आमजन को योग और आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली का नेतृत्व कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने किया। प्रेस वार्ता में प्रो. शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और सामाजिक संतुलन का वैज्ञानिक माध्यम है।
उन्होंने बताया कि एनआईए ने सेना, अर्द्धसैनिक बलों, राजस्थान पुलिस, रेलवे, विश्वविद्यालयों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में योग एवं तनाव प्रबंधन से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए हैं। स्वस्थवृत्त एवं योग विभागाध्यक्ष प्रो. दुर्गावती देवी ने बताया कि 21 जून को जयपुर के ऐतिहासिक जंतर-मंतर में राज्य स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें 18 देशों के 74 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी भाग लेकर योग और आयुर्वेद की वैश्विक स्वीकार्यता का संदेश देंगे। एनआईए का उद्देश्य योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ वृद्धावस्था और निरोगी भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

Comment List