जवाहर सिंह बेढ़म का दावा, गृह राज्यमंत्री ने कहा- जल जीवन मिशन में घोटाला करने वाला कोई व्यक्ति नहीं बख्शा जाएगा
उद्देश्य राजस्थान के प्यासे कंठों की प्यास बुझाना था
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा में कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य राजस्थान के हर घर तक शुद्ध पानी पहुँचाना था, लेकिन पिछली सरकार के कार्यकाल में मिशन को गंभीर क्षति पहुँची। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और राजनेताओं की साठ-गांठ से धन का दुरुपयोग हुआ।
जयपुर। विधानसभा परिसर में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि जल जीवन मिशन एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य राजस्थान के प्यासे कंठों की प्यास बुझाना था। यह योजना भारत सरकार के सहयोग से शुरू की गई थी ताकि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाया जा सके।
बेढ़म ने कहा कि दुर्भाग्यवश, पिछली सरकार के कार्यकाल में, जब माननीय अशोक गहलोत मुख्यमंत्री थे, तब इस मिशन को गंभीर क्षति पहुँचाई गई। अधिकारियों और कुछ राजनेताओं की साठ-गांठ के कारण भारत सरकार द्वारा दिए गए धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने बताया वर्तमान में जांच एजेंसियाँ इस मामले में कार्रवाई कर रही हैं। उस समय के मंत्री जेल जा चुके हैं, कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय हुई है, और विस्तृत जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का दृढ़ संकल्प है कि चाहे जल जीवन मिशन का मामला हो, चाहे पेपर लीक प्रकरण हो, चाहे मादक पदार्थ माफिया का मुद्दा हो या कोई भी अपराध व किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत सख्त कार्रवाई कर अपराधियों को सजा दिलाना हमारी प्राथमिकता है।

Comment List