जेसीटीएसएल कर्मचारियों का 11वें दिन भी अनशन जारी, आज एमडी से वार्ता
सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के कर्मचारियों का धरना और आमरण अनशन सोमवार को 11वें दिन भी जारी। इंटक के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में कर्मचारी नेता बाबूलाल न्यांगली आमरण अनशन पर बैठे हुए। यूनियन पदाधिकारियों और कार्यवाहक प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा से वार्ता प्रस्तावित।
जयपुर। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (जेसीटीएसएल) के कर्मचारियों का धरना और आमरण अनशन सोमवार को 11वें दिन भी जारी रहा। इंटक के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में कर्मचारी नेता बाबूलाल न्यांगली आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। यूनियन पदाधिकारियों और कार्यवाहक प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा से सोमवार को वार्ता प्रस्तावित है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि इस बैठक में उनकी मांगों पर सकारात्मक समाधान निकलेगा। इंटक यूनियन अध्यक्ष रामकुंवार विश्नोई ने बताया कि कर्मचारी बसों पर ड्यूटी करते हुए अनशन कर रहे हैं ताकि आम जनता को परिवहन सेवाओं में परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए सेवा जारी रखी है, लेकिन मांगों की अनदेखी होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार शाम को इंटक की कार्यसमिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिनों में जेसीटीएसएल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक समाधान नहीं निकला, तो शहर में चक्का जाम किया जा सकता है। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Comment List