जेडीए की कार्रवाई : 15 बीघा सरकारी भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त, 30 करोड़ आंका जा रहा बाजार मूल्य
कांटों की बाड़ व अन्य सामान डालकर किए अतिक्रमण
जयपुर में अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जेडीए ने ग्राम बिलोची में 15 बीघा सरकारी जमीन मुक्त कराई। करीब 30 करोड़ मूल्य की भूमि पर बने झुग्गी, तारबंदी व अन्य कब्जे ध्वस्त किए गए। साथ ही इण्डिया गेट, टोंक रोड व अन्य क्षेत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारू किया गया।
जयपुर। शहर में अवैध निर्माण एवं अतिक्रमणों को लेकर की जा रही कार्रवाई के दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते ने जोन 13 स्थित ग्राम बिलोची में करीब 15 बीघा सरकारी भूमि पर अतिक्रमणों को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया। इसके साथ ही सड़क सीमाओं में आ रहे अतिक्रमणों को हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी ने बताया कि जोन 13 स्थित ग्राम बिलोची के खसरा नं. 934 मे करीब 15 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई मिट्टी डोल, झुग्गी झोपड़ियां, छप्परपोश, झोपड़ी, सीमेन्ट के पिलर गाड़कर की गई तारबंदी, कांटों की बाड़ लगाकर व अन्य सामान डालकर किए गए अतिक्रमणों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाया।
इस जमीन का बाजार मूल्य करीब तीस करोड़ रुपए आंका जा रहा है। इसी प्रकार ग्राम बिलोची में गैरमुमकिन सरकारी आम रास्ते की भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को ध्वस्त कर गैरसरकारी आम रास्ते की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि जोन 9 इण्डिया गेट के पास रोड सीमा पर अस्थाई अतिक्रमण कर लगाई गई थडियां, ठेले, बांस तम्बू, तिरपाल, काउण्टर, टेबल कुर्सियां, होर्डिंग, साईन बोर्ड इत्यादि लगाकर किए गए अतिक्रमणों पर निगम की सतर्कता शाखा के साथ संयुक्त कार्रवाई कर रोड सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया। इसके साथ ही जोन 14 में टोंक रोड वाटिका चौराहा 12 मील तिराहा के पास रोड सीमा पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को ध्वस्त कर रोड सीमा को अतिक्रमण मुक्त करवाया।

Comment List