जयपुर में चोरों का आतंक, सूने मकानों से जेवर-नकदी सहित ट्रांसफार्मर और लैपटॉप चोरी
पुलिस ने 17 नवंबर को विभिन्न थानों में आठ मामले दर्ज
जयपुर। शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पार कर ली। वहीं पानी के मीटर, बिजली के ट्रांसफार्मर, एसी के पाइप और मॉल के बाहर खड़ी कार से लैपटॉप सहित कीमती सामान पर हाथ साफ किए। पुलिस ने 17 नवंबर को विभिन्न थानों में आठ मामले दर्ज कर जांच शुरू की है। शादी में गया परिवार, पीछे से जेवर चोरी: ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र की शक्ति कॉलोनी आमागढ़ निवासी अब्दुल रहीम ने रिपोर्ट दी कि 28 अक्टूबर को वह परिवार सहित शादी में लालसोट गया था। 29 अक्टूबर सुबह आठ बजे उनका बेटा सलमान घर लौटा तो मुख्य गेट खोलकर अंदर जाने पर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर परिवार जयपुर पहुंचा और सामान संभाला तो सोने चांदी के जेवर समेत 3.20 लाख रुपए नकदी गायब मिली।
मौहल्ले में पानी के मीटर चोरी: बजाज नगर थाना क्षेत्र के मानसिंहपुरा टोंक रोड पर पानी के मीटर चोरी होने की घटनाएं सामने आई है। राकेश और महेश वर्मा तथा टीकमचंद वर्मा की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि मोहल्ले में अज्ञात चोर लगातार पानी के मीटर चोरी कर रहे हैं।
मंदिर की छत से एसी के पाइप चोरी लालकोठी थाना क्षेत्र में टोंक रोड स्थित डिग्गी हाउस के सामने कल्याण मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। पंकज शर्मा ने रिपोर्ट दी कि चोर पीछे की दीवार पर चढ़कर मंदिर की छत पर पहुंचा और वहां लगे एसी के तांबे के पाइप तथा पीतल के कूटे चोरी कर ले गया। दो बिजली ट्रांसफार्मर चोरी: हरमाड़ा थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा कला में 16 नवंबर की रात अज्ञात चोर दो बिजली ट्रांसफार्मर चोरी कर ले गए। कनिष्ठ अभियंता राकेश सेठी ने रिपोर्ट दी कि नाथूलाल बुनकर की ढाणी से ट्रांसफार्मर चोरी हो गए। मकानों के ताले तोड़े खोराबीसल थाना क्षेत्र की नारायण सिटी में महावीर पारीक के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर सोने चांदी के जेवर और 20 हजार रुपए पार कर ले गए। श्यामनगर थाना क्षेत्र के निर्माण नगर में भी चोरी की वारदात हुई। लक्ष्मीचंद जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चोर उनके मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और जेवरात चोरी कर ले गए। कार से लैपटॉप बैग पार सीकर रोड स्थित सन एन मून मॉल के बाहर खड़ी कार से चोर लैपटॉप बैग चोरी कर ले गए। मुरलीपुरा की विजयबाड़ी निवासी नरेंद्र सिंह बाघा ने रिपोर्ट दी कि कार में रखे बैग में लैपटॉप और चार्जर, आईफोन, जियो डाटा कार्ड और गैलेक्सी बड्स लाइव ईयरफोन थे।

Comment List