जेएनयू टेक्नोराज 2025 का समापन : संस्कृति, उत्कृष्टता और ऊर्जा का संगम, दस हजार से अधिक प्रतिभागियों ने आयोजन को बनाया ऐतिहासिक
डीजे नाइट में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी का वार्षिक महोत्सव टेक्नोराज-2025 का समापन हुआ।
जयपुर। जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी का वार्षिक महोत्सव टेक्नोराज-2025 का समापन हुआ। तीन दिवसीय आयोजन में तकनीकी उत्कृष्टता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और युवाओं की ऊर्जा का अनोखा संगम देखने को मिला। देशभर से आए दस हजार से अधिक प्रतिभागियों ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। समापन समारोह में चांसलर डॉ. संदीप बक्शी ने आयोजन समिति व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि टेक्नोराज केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि रचनात्मकता और सहयोग को प्रज्वलित करने वाली प्रेरक शक्ति है।
विश्वविद्यालय ने इस अवसर पर पांच करोड़ की छात्रवृत्तियां और 25 लाख मूल्य के पुरस्कार विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदान किए। वेब-ए-थॉन में पूर्णिमा यूनिवर्सिटी, रोबो वॉर में एसकेआईटी यूनिवर्सिटी और कई अन्य संस्थानों ने विजय हासिल की जबकि जेएनयू ने क्रिप्टिक हंट, शेफ इन मेकिंग और माइंड फेस्ट जैसी प्रमुख स्पर्धाओं में श्रेष्ठता पाई। समापन संध्या में संगीत निर्देशक साजिद तथा कलाकार अमन सरधाना, अंकुश भारद्वाज और मुस्कान की प्रस्तुतियों ने वातावरण को सुरमयी बना दिया। डीजे नाइट में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रो.चांसलर प्रो. एचएन वर्मा व अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में आयोजन नवाचार, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत उत्सव साबित हुआ।

Comment List