जोधपुर-भोपाल ट्रेन अब पूरे मार्ग पर दौड़ेगी इलेक्ट्रिक इंजन, 25 नवंबर से जोधपुर और 26 नवंबर से सवाई माधोपुर से बदलेगा संचालन
डीजल इंजन की जगह इलेक्ट्रिक इंजन लेगा
जयपुर। रेलवे ने जोधपुर-भोपाल-जोधपुर रेलसेवा को अब पूरे मार्ग पर इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे रेलसेवा का संचालन अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल होगा। अब तक इस ट्रेन का सवाई माधोपुर से भोपाल के बीच इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन किया जा रहा था, जबकि जोधपुर से सवाई माधोपुर तक डीजल इंजन का उपयोग हो रहा था। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर रेलसेवा जोधपुर से 25 नवंबर तथा सवाई माधोपुर से 26 नवंबर से पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी।
जोधपुर से सवाई माधोपुर तक शेष रेलखंड पर भी इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन शुरू होने के साथ ही यह ट्रेन पूरे मार्ग पर विद्युत कर्षण से चलेगी। इससे डीजल पर निर्भरता कम होगी और रेलवे के संचालन में ऊर्जा दक्षता बढ़ेगी। रेलवे की ओर से विभिन्न रेलखंडों का विद्युतीकरण पूरा होने के बाद रेलसेवाओं को इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किया जा रहा है। जोधपुर-भोपाल रेलसेवा का संपूर्ण मार्ग इलेक्ट्रिक इंजन से जुड़ने से यात्रियों को आधुनिक रेल संचालन का लाभ मिलेगा।

Comment List