खोह नागोरियान पुलिस व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई: 51.55 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच जारी
जयपुर। पुलिस थाना खोह नागोरियान और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 51.55 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एर्टिगा कार (आरजे 34 यूए 4001) को भी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी करौली से स्मैक लाकर जयपुर में सप्लाई करने की तैयारी में थे। थाना प्रभारी प्रकाशराम और डीएसटी प्रभारी सुखवीर की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने महेन्द्र मीणा के कब्जे से 30.67 ग्राम तथा रईस अहमद के कब्जे से 20.88 ग्राम स्मैक बरामद की। दोनों के पास से कुल 51.55 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया। मामले में पुलिस थाना खोह नागोरियान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण संख्या 363/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करौली जिले के महेन्द्र मीणा (28) निवासी जहानाबाद, थाना हिण्डौन सदर तथा रईस अहमद (40) निवासी नरैना, थाना मासलपुर, हाल निवासी मेहतापुरा कॉलोनी, हिण्डौन के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और मादक पदार्थ के स्रोत गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Comment List