कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के विरोध में किसान महापंचायत का ऐलान, 24 अगस्त को 1000 ट्रैक्टरों से विधानसभा कूच
अधिसूचना जारी होने के बाद किसानों में विरोध बढ़ा
जयपुर। कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित निर्माण और भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसान महापंचायत ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 21 अगस्त तक राजस्थान विधानसभा के सभी 200 सदस्यों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 24 अगस्त को करीब 1000 ट्रैक्टरों के साथ किसानों के विधानसभा पहुंचने की रणनीति तैयार की गई है। रामपाल जाट ने आरोप लगाया कि सरकार ने बजट 2025-26 में राजस्थान में नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की थी, जिनमें कोटपूतली-किशनगढ़ मार्ग का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 की धारा 11 के तहत अधिसूचना जारी होने के बाद किसानों में विरोध बढ़ा है।
किसान नेताओं का कहना है कि एक्सप्रेसवे के लिए उपजाऊ और बहुफसली भूमि का अधिग्रहण खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने पर्यावरणीय नुकसान, पेड़ों की कटाई और विस्थापन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस वे से गांव दो भागों में बंट जाएंगे और घर से खेत तक जाने के लिए कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी जिससे किसानों का धन एवं समय दोनों का नुकसान होगा। महापंचायत ने सरकार से परियोजना पर पुनर्विचार कर किसानों की मांगें मानने की अपील की है।

Comment List