नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर निशाना, कहा- सरकार के हर काम में सामने आ रहा फर्जीवाड़ा
दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित
जयपुर। सरकारी स्कूलों में मरम्मत के नाम पर हुए कामों की खबरें सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। जूली ने कहा है कि प्रत्येक काम में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़ा ही इस भाजपा सरकार की असली पहचान बन चुका है। झालावाड़ में मासूम बच्चों की मौत जैसी हृदयविदारक घटना के बाद भी इस संवेदनहीन सरकार की आँखें नहीं खुली हैं। प्रदेश के सरकारी विद्यालयों की मरम्मत के लिए जारी 503 करोड़ रूपए के बजट में भारी फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है।
बिना काम किए या आधे-अधूरे काम दिखाकर ही भुगतान उठा लिया गया है और हमारे नौनिहालों की जिंदगी को एक बार फिर मौत के साये में, दांव पर लगा दिया गया है। इस सरकार के राज में भ्रष्टाचारियों को हर आपदा और हर हादसे में अपनी चांदी कूटने का खुला अवसर मिल रहा है। विडंबना देखिए कि इतने गंभीर मामले पर भी शिक्षा मंत्री चैन की बांसुरी बजा रहे हैं और पूरा महकमा गहरी नींद में सोया है। क्या सरकार प्रदेश में किसी अगले बड़े हादसे का इंतज़ार कर रही है। सरकार तुरंत इस पूरे 503 करोड़ रूपए के घोटाले की उच्च स्तरीय जांच करवाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Comment List