जयपुर में नींबू के दाम आसमान पर : थोक ₹90-120, खुदरा ₹200-400 प्रति किलो
आंध्र, कर्नाटक और महाराष्ट्र से आ रही आवक
गर्मी बढ़ने के साथ नींबू के दाम तेज। मुहाना मंडी में 10-15 गाड़ियां रोज आ रही, मांग अधिक होने से खुदरा भाव ₹200 से ₹400 प्रति किलो पहुंचा। थोक भाव ₹90 से ₹120। व्यापारियों के अनुसार आवक बढ़ने पर कीमतों में हल्की गिरावट संभव।
जयपुर। गर्मी बढ़ने के साथ ही जयपुर में नींबू के दाम तेज हो गए हैं। मुहाना मंडी में इन दिनों प्रतिदिन 10 से 15 गाड़ियां नींबू की आवक हो रही है। व्यापारियों के अनुसार यह नींबू मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के गुड्डूर, कर्नाटक के बीजापुर तथा महाराष्ट्र के श्रीगोंडा और अकोला से आ रहा है। मंडी में नींबू का थोक भाव फिलहाल ₹90 से ₹120 प्रति किलो के बीच चल रहा है, जबकि खुदरा बाजार में यही नींबू ₹200 से ₹400 प्रति किलो तक बिक रहा है। एक गाड़ी में करीब 12 टन नींबू की आवक हो रही है, जिससे बाजार में आपूर्ति बनी हुई है, लेकिन मांग अधिक होने के कारण कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। व्यापारियों का कहना है कि नींबू दो प्रकार की पैकिंग में आ रहा है—गत्ते के डिब्बों और बोरी (कट्टों) में। गत्ते के डिब्बों में आने वाला नींबू गुणवत्ता के लिहाज से बेहतर माना जा रहा है, जबकि कट्टों में आने वाले नींबू की गुणवत्ता अपेक्षाकृत कम रहती है।
फल-सब्जी मुहाना मंडी थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया कि आने वाले दिनों में आवक बढ़ने की संभावना है, जिससे कीमतों में 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक की नरमी आ सकती है और थोक भाव करीब ₹100 प्रति किलो के आसपास स्थिर हो सकते हैं।

Comment List