धनतेरस से खरीदारी के महाकुंभ का आगाज : वाहनों की डिलीवरी का उत्साह, ज्वेलरी से बर्तनों तक शगुन की खरीदारी
सवा लाख रुपए प्रति किलो से अधिक तक की मिठाइयां
जयपुर। रोशनी से नहाए बाजार, दुकानों पर ग्राहकों की भीड़, शोरूमों में नई गाड़ियों की डिलीवरी का उत्साह और मिठाइयों की दुकानों से उठती खुशबू गुलाबी नगरी में दीपोत्सव का रंग पूरी तरह चढ़ चुका है। धनतेरस पर जयपुर का बाजार ऑनलाइन खरीदारी को सीधी चुनौती देता नजर आ रहा है।
जौहरी बाजार, त्रिपोलिया, चांदपोल, किशनपोल, बापू बाजार, नेहरू बाजार और एमआई रोड से लेकर वैशाली नगर, मानसरोवर और सीकर रोड तक बाजारों में दीपावली की रौनक है। दुकानों की आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी झालरों ने खरीदारी को उत्सव में बदल दिया है।
गाड़ियों पर आकर्षक ऑफर :
मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा मोटर्स,महिंद्रा, किया और होंडा के शोरूम ग्राहकों को कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, लॉयल्टी बेनिफिट और फाइनेंस स्कीम के जरिए आकर्षित कर रहे हैं। चुनिंदा मॉडलों पर लाभ लाखों रुपए तक पहुंच रहे हैं। हालांकि ऑफर मॉडलए वैरिएंट, स्टॉक और डीलरशिप के अनुसार अलग-अलग हैं।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां :
सोने-चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, हल्के वजन के आभूषण और डायमंड ज्वेलरी पसंद की जा रही हैं। वहीं त्रिपोलिया और चांदपोल बाजार में पीतल, तांबे और स्टील के बर्तन, सजावटी दीपक, पूजा थाली, तोरण, बंदनवार और मिट्टी के दीये शगुन की खरीदारी का हिस्सा बने हुए हैं।
सवा लाख रुपए प्रति किलो से अधिक तक की मिठाइयां :
दीपावली खरीदारी में स्वाद का तड़का भी कम नहीं है। जयपुर में सवा लाख रुपए से अधिक कीमत वाली स्वर्ण प्रसाद्धम मिठाई बिक रही है। बाजारों में कचौरी, समोसे, चाट, गोलगप्पे, घेवर, मावा मिठाई, नमकीन, ड्राई फू्रट्स और गिफ्ट पैक की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही उत्सव का रंग बढ़ा रही है।
रोशनी देखने उमड़ रही भीड़ :
हवामहल, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया और परकोटे की ऐतिहासिक गलियों में दीपावली की रोशनी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। एमआई रोड पर करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में विशेष रोशनी की सजावट भी आकर्षण बढ़ा रही है।

Comment List