धौलपुर में CID क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
बेरहमी से पीटा और मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया
राजस्थान पुलिस की CID क्राइम ब्रांच ने इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर और 10 हजार के इनामी बदमाश कर्मवीर उर्फ कर्म सिंह को धौलपुर से गिरफ्तार।
जयपुर। राजस्थान पुलिस की CID क्राइम ब्रांच ने इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर और 10 हजार के इनामी बदमाश कर्मवीर उर्फ कर्म सिंह को धौलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक राशि डोगरा डूडी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल के सुपरविजन में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व वाली टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी नागपुर से ग्वालियर होते हुए धौलपुर पहुंचने वाला है।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी बढ़ाई और धौलपुर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सागरपाड़ा चौकी के सामने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कर्मवीर एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ राजस्थान सहित विभिन्न स्थानों पर अपहरण, दुष्कर्म, चोरी, लूट, आगजनी और जानलेवा हमले जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह सूरजगढ़ थाने में दर्ज दलित युवक दीपक मेघवाल के अपहरण और बर्बर मारपीट के मामले में भी मुख्य आरोपी है। रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर 2025 में आरोपी और उसके साथियों ने पीड़ित को जातिसूचक गालियां देकर अगवा किया, बेरहमी से पीटा और मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था।

Comment List