जयपुर कलेक्ट्रेट में ACB की बड़ी कार्रवाई, ADM ईस्ट के पीए को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
आवास सहित अन्य ठिकानों पर भी जांच
जयपुर। जयपुर कलेक्ट्रेट में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एडीएम ईस्ट कार्यालय में पदस्थापित पीए मुकेश कुमार चौधरी को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुनील सिहाग के नेतृत्व में तथा डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पीए ने एक परिवादी का बिल पास कराने की एवज में 1.50 लाख की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर ACB ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
योजना के तहत परिवादी को 1 लाख की रिश्वत की राशि के साथ भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। बताया जा रहा है कि आरोपी एडीएम फर्स्ट नरेंद्र कुमार वर्मा के कार्यालय में पीए के रूप में कार्यरत है। ट्रैप के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आवास सहित अन्य ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। ब्यूरो यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Comment List