राजस्थान पुलिस का मेगा नाकाबंदी अभियान : 74 हजार से अधिक वाहनों की जांच, 25.50 लाख की नकदी और अवैध हथियार बरामद
एक ही दिन में 15 हजार से अधिक चालान
जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और यातायात नियमों की कड़ाई की पालना के लिए प्रदेशभर में नाकाबंदी चलाई। डीजीपी राजीव शर्मा ने बताया कि इस अभियान के दौरान राज्य के सभी रेंज और कमिश्नरेट क्षेत्रों में 1103 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 39984 दुपहिया और 34888 चौपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की जबकि 226 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना: एडीजी वीके सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 15083 चालान बनाए।
इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3234, बिना सीट बेल्ट 1648, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 184, नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 1653, काली फिल्म लगे वाहनों के 1643 तथा अन्य श्रेणियों में 6433 चालान शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। नाकाबंदी में 11 वाहन जब्त किए तथा 73 प्रकरण दर्ज किए। अभियान के दौरान दर्ज प्रकरणों में 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया जबकि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 163 व्यक्तियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। जयपुर रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की।
रेंजवार प्रदर्शन की स्थिति: नाकाबंदी अभियान में जयपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 2492 चालान बनाए। अजमेर रेंज में 2229, भरतपुर रेंज में 2145, उदयपुर रेंज में 2051, कोटा रेंज में 1796, बीकानेर रेंज में 1572 तथा जोधपुर रेंज में 1470 चालान बनाए। जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में 990 और 338 चालान किए। वाहन जांच के मामले में भी जयपुर रेंज अग्रणी रही जहां 13589 वाहनों की जांच की। उदयपुर रेंज में 12234, अजमेर में 10205, भरतपुर में 9081 तथा जोधपुर रेंज में 8079 वाहनों की जांच की।

Comment List