एसएमएस अस्पताल के ई एन टी विभाग का बड़ा अपग्रेड, मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया लोकार्पण
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया। विभाग में कॉक्लियर इम्प्लांट ओटी, स्किल लैब और न्यूरो-ऑटोलॉजी लैब स्थापित। मरीजों को बेहतर उपचार और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण।
जयपुर। सवाई मानसिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध रटर अस्पताल के ईएनटी विभाग में आधुनिक सुविधाओं के उन्नयन एवं विस्तार का लोकार्पण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंत्री खींवसर ने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य न केवल मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि यूजी एवं पीजी विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को भी सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की आम जनता को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास राजस्थान को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल ने विभाग में हुए व्यापक सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों की देखभाल, शिक्षण, स्टाफ सुदृढ़ीकरण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग में अत्याधुनिक कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की गई है, जहां जटिल कान सर्जरी एवं श्रवण क्षमता बहाली से संबंधित ऑपरेशन किए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि 800 वर्ग फीट क्षेत्र में 10 स्टेशनों वाला आधुनिक स्किल लैब स्थापित किया गया है, जहां रेजिडेंट डॉक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही, वर्टिगो जैसे रोगों के समग्र उपचार के लिए न्यूरो-ऑटोलॉजी लैब भी विकसित की गई है। विभाग में ओपीडी एवं ओटी ब्लॉक का नवीनीकरण किया गया है।

Comment List