महात्मा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों का कमाल, 1.5 किलो के नवजात की पेसमेकर लगाकर बचाई जान
पचार के दौरान उसका वजन भी करीब 700 ग्राम बढ़ा
जयपुर। सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने महज 1.5 किलो वजन वाले नवजात को जन्म के करीब 17 घंटे के भीतर पेसमेकर लगाकर उसकी जान बचाई। बच्चे की दिल की धड़कन जन्म के बाद सिर्फ 30 से 40 प्रति मिनट रह गई थी, जो सामान्य से काफी कम थी और उसके जीवन पर गंभीर खतरा बना हुआ था। अस्पताल के वरिष्ठ पीडियाट्रिक हार्ट सर्जन डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान ही बच्चे के दिल की धड़कन कम होने की समस्या का पता चल गया था। पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट्ट ने फीटल इकोकार्डियोग्राफी के जरिए जांच की, जिसमें दिल की प्राकृतिक विद्युत प्रणाली के समुचित विकास नहीं होने की जानकारी सामने आई।
जन्म के बाद दवाइयों और इंजेक्शन से धड़कन बढ़ाने के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। नवजात का वजन बेहद कम होने के साथ उसकी रक्त वाहिकाएं भी बहुत छोटी और नाजुक थीं। ऐसे में डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए पेट में पेसमेकर के लिए विशेष जगह बनाकर इसे प्रत्यारोपित किया। पेसमेकर लगने के बाद बच्चे की धड़कन और सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ। उपचार के दौरान उसका वजन भी करीब 700 ग्राम बढ़ा। डॉ. कौशल, डॉ. प्रेरणा भट्ट, डॉ. गौरव गोयल सहित चिकित्सकों, तकनीकी विशेषज्ञों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने उपचार में अहम भूमिका निभाई।

Comment List