उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, अवमानना मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
शीघ्र निस्तारण पर जोर
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय में 13 मई 2026 को लंबित न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक। अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने LIMBS पोर्टल पर सभी कोर्ट केस रियल-टाइम अपडेट और समयबद्ध जवाब देने के निर्देश।
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, जयपुर में 13 मई 2026 को लंबित न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों की स्थिति, समयबद्ध जवाबदारी और न्यायालय आदेशों की अनुपालना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, बैठक में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने लिम्बस पोर्टल पर सभी कोर्ट केसों को रियल-टाइम आधार पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अवमानना प्रकरणों पर चिंता जताते हुए इनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
साथ ही निर्देश दिए कि न्यायिक मामलों में जवाब निर्धारित समयसीमा में दाखिल किए जाएं और सिविल न्यायालयों के आदेशों की अनुपालना समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि अवमानना की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट में जवाब प्रस्तुत करने से पहले संबंधित प्रकरण की तथ्यात्मक स्थिति की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। बैठक की शुरुआत में उप महाप्रबंधक (विधि) प्रतुल सारोलिया ने सभी दस्तावेज लिम्बस पोर्टल पर अपलोड करने, एक्सेप्शन रिपोर्ट तुरंत क्लियर करने और रेलवे अधिवक्ताओं के साथ नियमित आंतरिक बैठकों पर जोर दिया। अंत में जयपुर मंडल के अनिल तिवारी, निर्माण विभाग के धर्मेन्द्र कुमार शर्मा और कार्मिक विभाग के दीपक कुमार को सर्वश्रेष्ठ मुख्य विधि सहायक के रूप में प्रशस्ति पत्र और 2000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

Comment List