जयपुर के सांगानेर में अकीदत के साथ निकला मुहर्रम का जुलूस, भव्य ताज़िये बने आकर्षण का केंद्र
धार्मिक सौहार्द
जयपुर। राजधानी जयपुर के सांगानेर स्थित ऐतिहासिक मालपुरा गेट क्षेत्र में शनिवार को मुहर्रम का जुलूस पूरे धार्मिक सम्मान, अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मातमी धुनों के बीच श्रद्धालु हाथों में धार्मिक परचम लिए अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते रहे।
जुलूस का मुख्य आकर्षण स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार किए गए भव्य और कलात्मक ताज़िये रहे। ताज़ियों पर की गई आकर्षक सजावट और बारीक नक्काशी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इन्हें देखने के लिए मालपुरा गेट और आसपास के बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
संवेदनशील क्षेत्र को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन ने एक बार फिर धार्मिक सौहार्द, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की।

Comment List