ईएनटी विशेषज्ञों की नेशनल कॉन्फ्रेंस शुरु, एआई और रोबोटिक सर्जरी से स्कल बेस तक नई तकनीकों पर मंथन
हेड-नेक सर्जरी में एआई के इस्तेमाल से आई क्रांति
जयपुर। इंडियन एकेडेमी ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी एंड हेड एंड नेक सर्जरी की 12वीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर झालाना में शुभारंभ हुआ। यहां 27 सितंबर तक चलने वाली इस कॉन्फ्रेंस में देशभर से आए ईएनटी विशेषज्ञ, न्यूरोटोलॉजी, राइनोलॉजी, ओटोलॉजी, हेड एंड नेक सर्जरी, पीडियाट्रिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक उपचार तकनीकों पर चर्चा कर रहे हैं। कॉन्फ्रेंस के साइंटिफिक चेयरमैन एवं एसएमएस अस्पताल के वरिष्ठ आचार्य डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि ईएनटी और हेड-नेक सर्जरी में रोबोटिक सर्जरी का इस्तेमाल अभी देश में सीमित है। कॉन्फ्रेंस में रोबोटिक तकनीक की बेहतर विजिबिलिटी, उपकरणों की सूक्ष्म मूवमेंट और सर्जरी में इसकी उपयोगिता पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
पहले दिन इन पर हुई चर्चा :
पहले दिन पांच हॉल में व्याख्यान, सिम्पोजियम, पैनल डिस्कशन और इंस्ट्रक्शनल कोर्स आयोजित हुए। एआई और हेड एंड नेक कैंसर, एंडोस्कोपिक एंटीरियर स्कल बेस सर्जरी, प्री-ऑपरेटिव एम्बोलाइजेशन और डेटा एनालिसिस पर विशेष सत्र हुए। न्यूरोटोलॉजी सत्र में चक्कर, वर्टिगो, संतुलन तंत्र और मेनियर रोग पर चर्चा हुई। इसके अलावा बच्चों की ट्रेकियोस्टोमी, एयरवे मैनेजमेंट, हियरिंग स्क्रीनिंग, थायरॉयड सर्जरी और ट्रांस-वेस्टिबुलर स्कारलेस थायरॉयड सर्जरी पर भी विशेषज्ञों ने जानकारी दी। एंडोस्कोपिक ईयर सर्जरी, राइनोलॉजी, एलर्जी, इम्यूनोथेरेपी और आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीकों पर भी वैज्ञानिक सत्र हुए। डॉक्टरों के लिए रिसर्च प्रोटोकॉल, पब्लिकेशन और सोशल मीडिया के उपयोग पर भी प्रशिक्षण एवं पैनल चर्चा आयोजित की गई।

Comment List