राष्ट्रीय गोपाल रत्न अवार्ड 2025 : आरसीडीएफ ने जीते तीनों बड़े सम्मान, जोराराम कुमावत ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा- राज्य डेयरी विकास में नवाचारों को आगे बढ़ाता रहेगा
देशभर से 2081 आवेदनों में से विजेताओं का चयन
भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने वर्ष 2025 के राष्ट्रीय गोपाल रत्न अवार्ड की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह तथा राज्य मंत्रियों की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे।
जयपुर। भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने वर्ष 2025 के राष्ट्रीय गोपाल रत्न अवार्ड की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह तथा राज्य मंत्रियों की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। तीनों श्रेणियों — बेस्ट डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी, बेस्ट डेयरी फार्मर और बेस्ट एआई टेक्नीशियन — में आरसीडीएफ को अवार्ड मिला है। बेस्ट डेयरी को-ऑपरेटिव सोसायटी के लिए जयपुर दुग्ध संघ की घिनोई दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का चयन किया गया है, जिसे तीन लाख रुपये, मेरिट प्रमाणपत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान होगा।
सीकर दुग्ध संघ के दुग्ध उत्पादक हर्षित झुरिया को बेस्ट डेयरी फार्मर के रूप में चुना गया है। उन्हें दो लाख रुपये नकद, प्रमाणपत्र और प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। वहीं हनुमानगढ़ दुग्ध संघ के विकास कुमार को बेस्ट एआई टेक्नीशियन के रूप में अवार्ड दिया जाएगा।
आरसीडीएफ की उपलब्धियों को इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है, जिसमें कार्बन क्रेडिट परियोजना और अन्य नवाचार शामिल हैं। राजस्थान के पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राज्य डेयरी विकास में नवाचारों को आगे बढ़ाता रहेगा। वर्ष 2021 से दिए जा रहे इन अवार्ड्स के लिए इस बार देशभर से 2081 आवेदनों में से विजेताओं का चयन किया गया है।

Comment List