झालाना लेपर्ड रिजर्व में नई पहल : ‘ड्राइवर ऑफ द मंथ’ से बढ़ेगा जिप्सी ड्राइवरों का हौसला, बेहतर सेवाओं और जिम्मेदारी को मिलेगा सम्मान
वन्यजीव प्रेमियों ने की जमकर तारीफ
जयपुर। झालाना लेपर्ड रिजर्व से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। वन विभाग ने यहां जिप्सी ड्राइवरों के उत्साह और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने के लिए ड्राइवर ऑफ द मंथ जैसी अनूठी पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत हर महीने एक उत्कृष्ट जिप्सी ड्राइवर का चयन किया जाएगा, जिसे उसके व्यवहार, पर्यटकों के साथ सहयोग, सुरक्षित ड्राइविंग और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य ड्राइवरों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी सेवाओं में और सुधार के लिए प्रेरित करना है। इससे न केवल ड्राइवरों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा। इस फैसले का वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों ने भी खुले दिल से स्वागत किया है। उनका मानना है कि इस तरह की पहल से जंगल सफारी का अनुभव और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनेगा।

Comment List