अब धूप नहीं बनेगी रुकावट, जंतर-मंतर में पर्यटकों को दिए जा रहे छाते
गर्मी से राहत देने के लिए पुरातत्व विभाग की पहल
विश्व धरोहर जंतर-मंतर में तेज गर्मी से राहत के लिए पुरातत्व विभाग ने पहल की है। पर्यटकों को धूप से बचाने के लिए 100 छाते उपलब्ध कराए गए हैं, जिन पर विभाग का लोगो है। प्रवेश द्वार से लेकर पर्यटक इनका उपयोग कर सकते हैं। यह राज्य का पहला ऐसा स्मारक है जहां यह सुविधा शुरू हुई है।
जयपुर। तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच वर्ल्ड हेरिटेज मॉन्यूमेंट जंतर-मंतर स्मारक में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। स्मारक परिसर में पर्यटकों को धूप से बचाव के लिए छाते (अम्ब्रेला) उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। जिससे उन्हें स्मारक भ्रमण में राहत मिल सके। प्रदेश में पुरातत्व विभाग के संरक्षित स्मारकों में जंतर-मंतर स्मारक ऐसा पहला पर्यटन स्थल बन गया है। जहां पर्यटकों को धूप से बचाव के लिए छाते मिल रहे हैं। गुजरात से आए पर्यटक जिगनेश भाई का कहना है कि धूप से बचाव के लिए विभाग की ये पहल अच्छी है।
गर्मी से राहत देने के लिए पुरातत्व विभाग की पहल
स्मारक की अधीक्षक प्रतिभा यादव ने बताया कि पर्यटक की सुविधा के लिए यहां 100 छातों की व्यवस्था की गई है। इन छात्रों पर पुरातत्व विभाग का लोगो छपवाया गया है। स्मारक के प्रवेश द्वार पर पर्यटक इन्हें ले सकते हैं। भ्रमण के पूर्ण होने पर पर्यटकों द्वारा निकास द्वार पर इसे वापस जमा कराया जाएगा। टूरिस्ट गाइड जयपुर के मदन सिंह का कहना है कि जंतर-मंतर स्मारक पर इस तरह की पहल सराहनीय है। पर्यटक भरी दोपहरी में यहां विजिट के लिए आ रहे हैं। ऐसे में यहां छात्रों की सुविधा मिलने से पर्यटक भी राहत महसूस करेंगे।
तेज धूप को देखते हुए सुविधा
भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए पर्यटकों की सुविधार्थ ये व्यवस्था शुरू की गई है।
-डॉ. पंकज धरेन्द्र, निदेशक, पुरातत्व विभाग

Comment List